October 13, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल का दल, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा भारतीय तटरक्षक बल का दल, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

By on October 13, 2026 0 5 Views

देहरादून। भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग के संयुक्त पर्वतारोहण दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में सात हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी का पहला सफल आरोहण है। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियान दल का स्वागत करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया और सभी सदस्यों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय की दुर्गम परिस्थितियों में हासिल की गई यह सफलता पर्वतारोहियों के साहस, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। यह उपलब्धि भारतीय तटरक्षक बल के साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और समृद्ध पर्वतारोहण परंपरा से जुड़ी है। राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान का विशेष महत्व है। अभियान दल द्वारा माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि हिमालय के साथ उत्तराखंड के गहरे जुड़ाव को भी दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार युवाओं को पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस तरह के अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उसके जवानों का हिमालय की ऊंचाइयों पर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना उनकी साहसिक क्षमता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को प्रदर्शित करता है। माउंट मुकुट ईस्ट अभियान से प्राप्त अनुभव वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

अभियान दल के नेतृत्वकर्ता और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत यह पर्वतारोहण अभियान आयोजित किया गया। पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट को सौंपी गई है।

कर्नल जोशी के अनुसार, 15 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चले अभियान के दौरान संयुक्त दल ने माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण किया। अभियान को उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित करते हुए शिखर पर विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया गया। उन्होंने बताया कि माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के क्रम में दल इससे पहले सिक्किम हिमालय में माउंट बीसीरॉय और माउंट थिंचेनखांग का भी सफल आरोहण कर चुका है। इन अभियानों से पर्वतारोहियों को उच्च हिमालयी परिस्थितियों में अनुकूलन, तकनीकी दक्षता और सामूहिक समन्वय का अनुभव मिला है।