October 8, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • सीएम धामी ने गिनाई औद्योगिक विकास की रफ्तार, 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां, 1.27 लाख युवाओं को रोजगार

सीएम धामी ने गिनाई औद्योगिक विकास की रफ्तार, 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां, 1.27 लाख युवाओं को रोजगार

By on October 8, 2026 0 5 Views

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक की भूमिका तक सीमित नहीं है, बल्कि सहयोगी और सहभागी के रूप में काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित सातवें सीआईआई उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी के साथ उत्तराखंड के औद्योगिक विकास का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। इस तरह के आयोजन उद्योग, व्यापार, निवेश और नवाचार को साझा मंच देने के साथ प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, नई तकनीक और नवाचार को प्रोत्साहन मिलता है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। राज्य सरकार इसी सोच के साथ उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योग अनुकूल नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था शुरू की गई है। वहीं, एकल खिड़की व्यवस्था को मजबूत करते हुए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के साथ स्टार्टअप को वित्तीय सहयोग देने के लिए 200 करोड़ रुपये के उद्यम कोष की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में छोटे उद्यमियों को आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को बड़े बाजार से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में भी राज्य आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है। बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में उत्तराखंड को ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी में स्थान मिला है। एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में भी उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है।

उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से उत्तराखंड में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने और निवेश तथा रोजगार सृजन में भागीदार बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और बेहतर निवेश अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक शक्ति केंद्र के साथ आर्थिक रूप से भी सशक्त राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसमें उद्योग जगत, व्यापारियों, निवेशकों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों से मुलाकात की और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाते हुए पूरी लगन और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। हरिद्वार में आयोजित औद्योगिक कार्यक्रम उत्तराखंड के औद्योगिक विकास में नया आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने उद्योग जगत से गुणवत्ता और नवाचार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विधायक रानीपुर आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अध्यक्ष शिवालिकनगर नगर पालिका राजीव शर्मा, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री आदेश सैनी, विक्रम भुल्लर, सीआईआई उत्तराखंड के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष सौरव दास, उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सिडकुल के प्रबंध निदेशक सौरव गहवार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।