October 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • महिला किस्त जमा न कर पाई तो, बेटे को उठा ले गया फाइनेंसकर्मी ! बकरी पालन को लिए थे 50 हजार…

महिला किस्त जमा न कर पाई तो, बेटे को उठा ले गया फाइनेंसकर्मी ! बकरी पालन को लिए थे 50 हजार…

By on January 14, 2023 0 270 Views

गोरखपुर: किस्त जमा न कर पाने पर महिला के 12 वर्षीय बेटे को फाइनेंसकर्मी उठा ले गया। परेशान महिला ने फोन किया तो रुपये लेकर कार्यालय बुलाने लगा। घटना की जानकारी देने पर गगहा थाना पुलिस ने कार्यालय में छापा डाल फाइनेंसकर्मी को हिरासत में ले लिया और बालक को बरामद कर लिया। महिला ने आरोपित के विरुद्ध तहरीर दी है।

यह है पूरा मामला

डिलुलपार गांव निवासी मलखू चौहान मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाते हैं। डेढ़ वर्ष पहले उनकी पत्नी बिंदु ने बकरी पालन के लिए फाइनेंस कंपनी से 50 हजार रुपये कर्ज लिए थे और 38 हजार रुपये जमा कर चुकी हैं। गुरुवार की दोपहर में फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी गांव में पहुंचा। कर्ज लेने वालीं समूह की महिलाओं को बुलाकर किस्त मांगने लगा। बिंदु ने किस्त जमा करने के लिए एक सप्ताह की मोहलत मांगी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद वह गांव में रुपये उधार मांगने चली गई। आने में देर होने पर फाइनेंसकर्मी अपने साथी के साथ बिंदु के घर पर पहुंचा।
यह है आरोप

आरोप है कि दरवाजे पर बैठे 12 वर्षीय बेटे को जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ लेकर चला गया। जानकारी होने पर बिंदु ने फोन किया तो रुपये लेकर कौड़ीराम स्थित कंपनी के कार्यालय आने को कहा। परेशान महिला ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। हरकत में आई गगहा थाना पुलिस ने कौड़ीराम स्थित फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से बालक को बरामद करने के साथ आरोपित को हिरासत में ले लिया। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

बदमाशों ने होमगार्ड से छीने 10 हजार रुपये

एटीएम से पैसा निकालकर घर जा रहे होमगार्ड को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। होमगार्ड ने सहजनवां थाना पुलिस को तहरीर दी है। वह हरपुर बुदहट थाना के सिसवा सोनबरसा चौकी पर तैनात है। हरपुर बुदहट क्षेत्र के सिंघवलिया निवासी वकील पांडेय ने तहरीर में लिखा है कि शाम को जोगियाकोल के पास एटीएम से 10 हजार रुपये निकालकर जरूरी कार्य से भीटी रावत गया था। रात करीब 11 बजे बाइक से घर जाने के लिए निकला। कुआवल प्राथमिक विद्यालय से आगे एक बाइक पर सवार दो युवक रोक लिए। उनमें से एक ने जेब रखे पर्स को लेकर उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद, एटीएम और आधार कार्ड निकाल लिया और फिर दोनों फरार हो गए। गुरुवार को बैंक जाने पर पता चला कि खाते से 12 जनवरी को चार हजार रुपये भी निकाला गया है। थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।