सांसद अजय भट्ट ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने हल्द्वानी के बच्ची नगर स्थित आवास पर सांसद अजय भट्ट से मुलाकात की।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सांसद के समक्ष विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को रखा। सांसद अजय भट्ट ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

