September 18, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ, सीएम धामी ने कहा — रेडियो आज भी जनसंवाद का सबसे प्रभावी माध्यम

देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ, सीएम धामी ने कहा — रेडियो आज भी जनसंवाद का सबसे प्रभावी माध्यम

By on August 4, 2026 0 30 Views

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर, देहरादून में ओहो रेडियो 89.2 एफएम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेडियो आज भी जनसंवाद, जनजागरूकता और सामाजिक चेतना का अत्यंत प्रभावी माध्यम है तथा इसकी पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेडियो सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े संदेशों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने और समाज के विभिन्न वर्गों तक उपयोगी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकभाषाओं, लोककलाओं, लोकसंगीत और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी रेडियो की विश्वसनीयता और उपयोगिता बनी हुई है। स्थानीय मुद्दों, सकारात्मक समाचारों और जनभागीदारी को बढ़ावा देने में सामुदायिक एवं एफएम रेडियो की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओहो रेडियो 89.2 एफएम समाज में सकारात्मक सोच, रचनात्मक संवाद और जनहित के संदेशों का प्रभावी मंच बनेगा तथा उत्तराखंड के विकास और सांस्कृतिक समृद्धि को नई पहचान दिलाने में योगदान देगा।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर तथा ओहो रेडियो के आर.जे. काव्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।