September 13, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उपनल कर्मियों के अनुबंध पर सख्ती, मुख्य सचिव ने विभागों को तीन दिन की समयसीमा दी

उपनल कर्मियों के अनुबंध पर सख्ती, मुख्य सचिव ने विभागों को तीन दिन की समयसीमा दी

By on July 29, 2026 0 65 Views

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उपनल कर्मियों के अनुबंध को लेकर सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में उन्होंने विभागाध्यक्षों को तीन दिन के भीतर उपनल कर्मियों के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा का पालन नहीं करने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।

बैठक में मुख्य सचिव ने विभागों को कर्मचारियों के पदोन्नति और वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) से जुड़े सभी लंबित कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पदोन्नति संबंधी शासनादेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून 2027 तक पदोन्नति के पात्र कर्मचारियों की प्रक्रिया अगले एक माह में शुरू कर दी जाए। साथ ही एसीआर बैच निर्माण और उससे जुड़ी प्रक्रिया भी तय समयसीमा में पूरी करने को कहा।

मुख्य सचिव ने लाभार्थी आधारित योजनाओं में सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) के उपयोग का दायरा बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में लागू इस व्यवस्था को उद्यान विभाग सहित अन्य लाभार्थी केंद्रित योजनाओं में लागू करने की संभावनाएं तलाशते हुए तय समयसीमा के भीतर कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ कार्यशाला आयोजित करने के भी निर्देश दिए।