PM-VBRY योजना के तहत 900 से अधिक नियोक्ताओं को मिला प्रोत्साहन, मुख्यमंत्री ने निवेश और रोजगार में उत्तराखंड की उपलब्धियां गिनाईं
देहरादून। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड के करीब 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को ₹24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाभार्थी कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सम्मानित किया।
देशभर में आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए 15 लाख से अधिक युवाओं एवं श्रमिकों को लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15 हजार तक की सहायता राशि दी जा रही है, जबकि रोजगार उपलब्ध कराने वाले संस्थानों को प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी पर चार वर्षों तक प्रतिमाह ₹3 हजार तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में स्टार्टअप, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक नीति, लॉजिस्टिक नीति, स्टार्टअप नीति और एमएसएमई नीति समेत 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर में अरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क तथा रुद्रपुर, सेलाकुई और हरिद्वार में प्लग एंड प्ले मॉडल पर फ्लैटेड फैक्ट्रियों का विकास किया गया है। किच्छा फार्म में एक हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। राज्य की जीएसडीपी में पिछले एक वर्ष में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कौशल और नवाचार की क्षमता का उपयोग करते हुए केवल अवसरों का इंतजार न करें, बल्कि स्वयं अवसरों का सृजन करें और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, आयुक्त भविष्य निधि उत्तराखंड सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

