October 30, 2026
Breaking News

“न चोरी, न चोर… बड़ी बहन ने ही बहन पर किया था हमला, जानिए क्यों रची गई झूठी कहानी”

By on August 8, 2025 0 137 Views

रुड़की के शिवदासपुर गांव से सामने आई कथित चोरी और बच्ची पर हमले की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह मामला चोरी का नहीं, बल्कि घरेलू विवाद का निकला। दरअसल, घायल बच्ची पर किसी अज्ञात चोर ने नहीं, बल्कि उसकी ही बड़ी बहन ने हमला किया था।

मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घटना के वक्त बच्चियों के माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे और दोनों बहनें घर पर अकेली थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों बहनों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद बड़ी बहन ने गुस्से में आकर लोहे की रॉड से अपनी छोटी बहन पर हमला कर दिया।

घटना के बाद जब परिजन घर लौटे और बच्ची से पूछताछ की तो उसने डर के कारण कहानी गढ़ दी कि किसी अज्ञात चोर ने घर में घुसकर उस पर हमला किया है। पुलिस ने जब बच्ची से पूछताछ की, तो सच सामने आ गया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने झूठ इसलिए बोला ताकि वह माता-पिता की डांट और मार से बच सके। पुलिस ने अब पूरे मामले का पर्दाफाश कर लिया है।