October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • थानेदार पर चढ़ा चुनाव लड़ने का खुमार, वर्दी में फोटो खिंचवाकर BJP से मांगा टिकट, SP ने किया सस्पेंड

थानेदार पर चढ़ा चुनाव लड़ने का खुमार, वर्दी में फोटो खिंचवाकर BJP से मांगा टिकट, SP ने किया सस्पेंड

By on September 14, 2023 0 627 Views

भरतपुर: एक सब इंस्पेक्टर पर चुनाव लड़ने का ऐसा खुमार चढ़ा कि उसने नियम-कानून सब ताक पर रख दिए. पुलिस की वर्दी में ही उसने फोटो खिंचवाकर बैनर-पोस्टर और पंपलेट छपवा दिए. पंपलेट के अनुसार, सब इंस्पेक्टर ने बीजेपी से विधानसभा चुनाव टिकट के लिए आवेदन किया है. सोशल मीडिया पर उसका आवेदन पत्र वाला पंपलेट वायरल हो गया, जिसके बाद उसपर विभाग ने एक्शन लिया है. मामला राजस्थान के भरतपुर का है.

बता दें कि राजस्थान में विधानसभा चुनावों की तारीख नजदीक है. ऐसे में सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है. इस बीच भरतपुर के वैर थाना प्रभारी प्रेम सिंह भास्कर का एक पंपलेट वायरल हो रहा है. इसमें उन्होंने खुद को धौलपुर के बसेड़ी विधानसभा से बीजेपी का संभावित उम्मीदवार बताया है. इस पंपलेट में भास्कर ने अपनी पुलिस की वर्दी लगी फोटो लगाई है.  इस राजनीतिक बैनर पंपलेट के वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. मामले की सूचना के बाद भरतपुर जिला पुलिस अधीक्षक ने तत्काल वैर थाना प्रभारी प्रेम सिंह भास्कर को लाइन हाजिर कर निलंबित कर दिया. भास्कर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जाएगी.

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी से टिकट की मांग करने वाले प्रेम सिंह भास्कर धौलपुर जिले के रहने वाले हैं. वर्तमान में उनकी तैनाती  भरतपुर जिले में थी. उन्होंने बीजेपी से टिकट की मांग करते हुए बसेड़ी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का कथित आवेदन पत्र जारी किया था. इसके अलावा उन्होंने अपनी जीवन का परिचय भी इस पंपलेट में दिया. उन्होंने लिखा कि वे अब समाज सेवा करना चाहते हैं. लेकिन चुनाव लड़ने का खुमार के चलते उनको निलंबित कर दिया गया है. फिलहाल, ये घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.