Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सियासत तेज, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम, आवेदन में नहीं था राहुल गांधी का उल्लेख

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सियासत तेज, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस फैला रही भ्रम, आवेदन में नहीं था राहुल गांधी का उल्लेख

By on July 15, 2026 0 16 Views

देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी में बदल गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के लिए कांग्रेस द्वारा दिए गए प्रारंभिक आवेदन में कहीं भी राहुल गांधी के नाम या उनके कार्यक्रम का उल्लेख नहीं किया गया था। उनका कहना है कि यदि किसी राष्ट्रीय नेता का कार्यक्रम प्रस्तावित था तो आवेदन में इसका स्पष्ट उल्लेख किया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई और अब प्रशासनिक प्रक्रिया को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि परेड ग्राउंड में इन दिनों केंद्र सरकार का लोक संवर्धन पर्व आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय शोक के कारण कार्यक्रम की अवधि बढ़ाई गई, जिससे मैदान पहले से निर्धारित आयोजन के लिए व्यस्त था। ऐसे में प्रशासन ने कांग्रेस को बन्नू स्कूल मैदान सहित अन्य वैकल्पिक स्थानों का प्रस्ताव दिया, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के आयोजित हो सके।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को रोकने का आरोप पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और सभी राजनीतिक दलों को अपने कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक दल को प्रशासनिक नियमों और पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने कार्यक्रम रद्द नहीं किया, बल्कि वैकल्पिक स्थल उपलब्ध कराने का प्रयास किया। कांग्रेस हर प्रशासनिक निर्णय को राजनीतिक षड्यंत्र बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

विवाद के बीच देर रात कांग्रेस प्रशासन द्वारा सुझाए गए बन्नू स्कूल मैदान में राहुल गांधी के कार्यक्रम के आयोजन पर सहमत हो गई। अब राहुल गांधी का प्रस्तावित कार्यक्रम वहीं आयोजित किया जाएगा।