रामनगर पहुंचे हरीश रावत, धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा पर बोले—यह मेरी निजी यात्रा”
रामनगर। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत इन दिनों कुमाऊं क्षेत्र में धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा पर हैं। इसी क्रम में हरीश रावत रामनगर पहुंचे, जहां समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। हरीश रावत ने यात्रा को अपनी निजी यात्रा बताते हुए कुमाऊं की जनता का आभार जताया। वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की ओर से यात्रा नहीं निकालने को लेकर जारी पत्र के सवाल पर हरीश रावत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
रामनगर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वह कुमाऊं क्षेत्र के लोगों का धन्यवाद करने के लिए यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह अपनी निजी यात्रा बताया। हालांकि, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की ओर से उन्हें यात्रा नहीं निकालने को लेकर पत्र जारी किया गया था। इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर हरीश रावत बिना जवाब दिए आगे बढ़ गए।
हरीश रावत की यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उनके समर्थक और ज्येष्ठ उपप्रमुख संजय नेगी ने भी इसे हरीश रावत की निजी यात्रा बताया। उन्होंने दावा किया कि हरीश रावत वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे। गौरतलब है कि संजय नेगी फिलहाल कांग्रेस से निष्कासित चल रहे हैं।
वहीं, पूर्व विधायक रणजीत रावत ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम अगर आयोजित किए जा रहे हैं तो उन्हें पार्टी के प्लेटफॉर्म पर करना ज्यादा बेहतर होगा। यात्रा के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल भी हरीश रावत के साथ नजर आए।

