जनमत सर्वे के आधार पर तारा घिल्डियाल ने कांग्रेस के साथ जाने का किया ऐलान
रामनगर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रामनगर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 30 अप्रैल को लेखपाल पद से वीआरएस लेने वाले सामाजिक कार्यकर्ता तारा घिल्डियाल ने जनमत सर्वे का हवाला देते हुए कांग्रेस के साथ जाने का ऐलान किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारा घिल्डियाल ने दावा किया कि पिछले पांच महीनों के दौरान सोशल मीडिया, व्यक्तिगत संवाद और विभिन्न समूहों के बीच चर्चा के माध्यम से रामनगर की जनता की राय जानने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि 15 हजार 510 लोगों की राय के आधार पर किए गए सर्वे में कांग्रेस के पक्ष में 61.93 प्रतिशत, भाजपा के पक्ष में 14.89 प्रतिशत, यूकेडी के पक्ष में 10.45 प्रतिशत और अन्य विकल्पों के पक्ष में 12.73 प्रतिशत राय सामने आई है।
तारा घिल्डियाल ने कहा कि सर्वे का उद्देश्य केवल आंकड़े जुटाना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और विचारों को समझना था। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को वह अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी नेतृत्व की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका निर्वहन पार्टी को मजबूत करने के लिए करेंगे।

