September 13, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • 4 साल की टूटी मोहब्बत, प्रेमी के घर के सामने धरने पर बैठी प्रेमिका…

4 साल की टूटी मोहब्बत, प्रेमी के घर के सामने धरने पर बैठी प्रेमिका…

By on January 20, 2023 0 383 Views

रांची: धनबाद जिले के राजगंज में अपने प्रेमी की बेवफाई से आहत एक लड़की उसके घर के आगे पिछले 55 घंटे से धरने पर बैठी है। बताया जा रहा है कि लड़की के धरना पर बैठने की खबर मिलते ही उसका प्रेमी फरार हो गया है। लड़की के मुताबिक राजगंज का महेशपुर गांव निवासी उत्तम महतो और उसके बीच पिछले चार साल से प्रेम संबंध था। वह धनबाद में एसएसएलएनटी कॉलेज में पढ़ती थी, तभी उत्तम के संपर्क में आई थी। इस बात की जानकारी दोनों के परिवार वालों को भी थी। उसने उससे शादी का वादा किया था। दोनों एक-दूसरे के परिजनों के घर भी एक साथ कई बार गये हैं। दोनों परिवारों के बीच शादी पर सहमति भी बन गई थी और इसकी तारीख भी तय हो गई। लेकिन तय तारीख से 20 दिन पहले उत्तम ने शादी से इनकार कर दिया।

जब युवती को कोई रास्ता नहीं दिखा तो वह अपनी दादी और अन्य रिश्तेदारों के साथ अपने प्रेमी के गांव महेशपुर पहुंची और युवक के घर के बाहर बैठ गई। इसके बाद उत्तम फरार हो गया और उसके घरवालों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। युवती की जिद है कि उत्तम से कम से कम एक बार उसकी बात कराई जाए, लेकिन उत्तम के घरवालों ने दरवाजा बंद कर लिया है। स्थानीय मुखिया सहित कई लोगों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी है।

सूचना के बाद भी नहीं आई पुलिस

बहुत समझाने बुझाने के बाद मुखिया की पहल पर उसने भोजन करना स्वीकार किया। गांव वालों ने उसे कंबल आदि दिए हैं। वह जहां धरना दे रही है, वहां अलाव भी जलाई गई है। मुखिया ने दोनों परिवार से बात कर मामले को सुलझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। मुखिया ने इसकी सूचना राजगंज पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जब तक इस मामले में कोई लिखित कंप्लेन न हो तब तक वह किस आधार पर कार्रवाई कर सकती है।