Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • अवैध खनन करने पर 23 करोड़ से अधिक का जुर्माना। एडीएम व राजस्व टीम ने मारा छापा।

अवैध खनन करने पर 23 करोड़ से अधिक का जुर्माना। एडीएम व राजस्व टीम ने मारा छापा।

By on April 26, 2022 0 241 Views

कालाढूंगी। कालाढूंगी तहसील अंतर्गत सेमलचौड़ क्षेत्र में प्रशासन की टीम ने मिट्टी का अवैध खनन पाए जाने पर दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 23 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया है।
मंगलवार को जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने कालाढूंगी प्रशासन को साथ लेकर क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की तो अवैध तरीके से मिट्टी खनन का खेल पकड़ में आया। जानकारी के अनुसार अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी ने बैलपड़ाव से लगे सेमलचौड़ क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की तो सुभाष चंद्र पुत्र टीका राम द्वारा 174400 घनमीटर अवैध खनन करना पाया गया। जिस पर 13 करोड़ 82 लाख 88 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया। फिलहाल इनके यहां खनन बंद पाया गया। इसी के साथ हिम्मत सिंह पुत्र करतार सिंह के यहां 135792 घनमीटर अवैध खनन करना पाए जाने पर 10 करोड़ 45 लाख 59 हजार आठ सौ चालीस रुपये का जुर्माना लगाया गया। यहां भी फिलहाल खनन बंद मिला। जबकि करम सिंह पुत्र सुच्चा सिंह व कृपाल सिंह पुत्र करतार सिंह के यहां खनन बंद पाया गया पर गड्ढों का भरान नहीं पाए जाने पर जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गयी। सुखराज सिंह पुत्र कुलवंत सिंह के यहां भी खनन बंद पाया गया परंतु सीमा पर लगे पिलर गिरे पाए गए। जिन्हें तत्काल लगाए जाने हेतु आदेशित किया गया है। एडीएम अशोक जोशी ने बताया रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है।
छापेमारी के दौरान एसडीएम कालाढूंगी रेखा कोहली, सर्वेक्षक भू तत्व एवं खनिकर्म इकाई हल्द्वानी ऐश्वर्या साह, राजस्व उपनिरीक्षक अरुण कुमार देवरानी आदि उपस्थित थे।