September 7, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर सियासत तेज, कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास कूच, भाजपा ने किया सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना

हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर सियासत तेज, कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास कूच, भाजपा ने किया सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना

By on September 7, 2026 0 2 Views

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण और हवन का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास कूच किया। कांग्रेस नेताओं ने घटना को सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को संविधान की भावना के अनुरूप कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उनका समर्थन कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान दूसरे मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने भी सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी।

भाजपा ने प्रदेशभर में किया सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना

कांग्रेस के मुख्यमंत्री आवास कूच के जवाब में भाजपा ने प्रदेशभर में सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया। देहरादून के गांधी पार्क में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता धरने में शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने धरने में पहुंचकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

गणेश जोशी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़े हैं, जहां कभी जाति नहीं पूछी जाती। उन्होंने कांग्रेस पर करीब छह दशक तक दलितों के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। जोशी ने कहा कि हल्द्वानी रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।

दोनों दल आमने-सामने

हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। कांग्रेस जहां इसे सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों से जोड़कर सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है, वहीं भाजपा कांग्रेस पर इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगा रही है। विवाद से जुड़े मुकदमों और राजनीतिक बयानों के बाद प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।