Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कार्बेट टाइगर रिजर्व में नर गुलदार का शव मिला, बाघ के हमले से मौत की पुष्टि

कार्बेट टाइगर रिजर्व में नर गुलदार का शव मिला, बाघ के हमले से मौत की पुष्टि

By on May 25, 2026 0 3 Views

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के कालागढ़ वन प्रभाग अंतर्गत फाटो पूर्वी बीट कक्ष संख्या 47 में बाउंड्री पिलर संख्या 07 के समीप एक नर गुलदार का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। यह शव 24 मई 2026 को प्रातःकाल गश्त के दौरान वन कर्मियों को मिला, जिसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई।

घटना के बाद डॉ. दुष्यन्त शर्मा, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व तथा डॉ. राहुल सती, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी पश्चिमी वृत्त हल्द्वानी के पैनल द्वारा मृत गुलदार का पोस्टमार्टम कराया गया। लगभग दो वर्ष आयु के इस नर गुलदार का पोस्टमार्टम शिकारीकुआ वन परिसर में उप प्रभागीय वनाधिकारी कालागढ़ अमित कुमार ग्वासीकोटी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुलदार की मृत्यु का कारण आपसी संघर्ष के दौरान बाघ द्वारा हमला किया जाना पाया गया।

वन विभाग के अनुसार मृत गुलदार के सभी अंग सुरक्षित पाए गए तथा घटना स्थल के आसपास व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सामग्री नहीं मिली।

इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी झिरना दीपक कुमार तिवारी, विश्व प्रकृति निधि के प्रतिनिधि राहुल पण्डाग्रे सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पोस्टमार्टम के उपरांत सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया तथा मानक प्रक्रिया के तहत मृत गुलदार के शव को उसके सभी अंगों सहित विधिवत जलाकर नष्ट कर दिया गया।