October 12, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रामनगर के हल्दूवा में दर्दनाक सड़क हादसा, कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत में 35 वर्षीय युवक की मौत

रामनगर के हल्दूवा में दर्दनाक सड़क हादसा, कार-बाइक की जोरदार भिड़ंत में 35 वर्षीय युवक की मौत

By on August 26, 2026 0 27 Views

रामनगर। ग्राम हल्दूवा में बुधवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रामनगर निवासी 35 वर्षीय युवक साहनवाज उर्फ शानू की मौत हो गई। कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में शानू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए काशीपुर स्थित हायर सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा बुधवार शाम ग्राम हल्दूवा क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार और बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार साहनवाज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे काशीपुर स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
साहनवाज उर्फ शानू की मौत की खबर रामनगर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे की खबर से परिवार के साथ-साथ परिचितों और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया है कि मृतक के बड़े भाई रामनगर की जामा मस्जिद के सदर हैं। ऐसे में घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।