Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • भीमताल में बाल संरक्षण आयोग सदस्य योगेश रजवार ने की विभागीय बैठक, आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन पर दिया जोर

भीमताल में बाल संरक्षण आयोग सदस्य योगेश रजवार ने की विभागीय बैठक, आंगनवाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन पर दिया जोर

By on May 30, 2026 0 3 Views

भीमताल। विकास परियोजना भीमताल के अंतर्गत माइंड पावर यूनिवर्सिटी के सभागार में उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश रजवार की अध्यक्षता में विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान योगेश रजवार ने उपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा और देखभाल की सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए सक्रिय प्रयास करें तथा किसी भी शिशु या बच्चे को शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहने दें। साथ ही विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।
योगेश रजवार ने कहा कि विभागीय योजनाओं एवं उनके उद्देश्यों की जानकारी प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, सुपरवाइजर श्रीमती बबली हुसैन, श्रीमती हेमा मासीवाल, श्रीमती हेमा त्रिपाठी, श्रीमती रीना यादव सहित सभी सेक्टरों की आंगनवाड़ी कार्यकर्तियां उपस्थित रहीं।