October 1, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • कॉर्बेट में वन्य प्राणी सप्ताह शुरू, 15 किमी साइकिल रैली से दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश

कॉर्बेट में वन्य प्राणी सप्ताह शुरू, 15 किमी साइकिल रैली से दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश

By on October 1, 2026 0 3 Views

रामनगर । रामनगर के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार से वन्य प्राणी सप्ताह की शुरुआत हुई। सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर कॉर्बेट वन परिसर से करीब 15 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देने के साथ हुई। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वन्यजीव प्रेमियों तथा स्कूली बच्चों ने संकल्प बैनर पर हस्ताक्षर किए और वन्यजीवों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इसके बाद स्थानीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों के हाथों में वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखे बोर्ड दिखाई दिए। इन संदेशों के जरिए पेड़ों को बचाने, पॉलिथीन का इस्तेमाल बंद करने और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की। रैली का उद्देश्य बच्चों और आम लोगों के बीच वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।
कॉर्बेट प्रशासन के अनुसार, साइकिल रैली में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को वन्य प्राणी सप्ताह के समापन समारोह में 7 अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा। वन विभाग की ओर से सप्ताह के दौरान वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।