कार्बेट टाइगर रिजर्व में हाथी गणना-2026 हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
रामनगर। Wildlife Institute of India देहरादून द्वारा जारी कार्यक्रम के तहत दिनांक 14 मई 2026 को अपराह्न 3:30 बजे Corbett Tiger Reserve के सभागार में कुमाऊँ जोन के लिए प्रस्तावित हाथी गणना-2026 के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. साकेत बडोला (IFS), फील्ड डायरेक्टर एवं मुख्य वन संरक्षक, कार्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर ने की। कार्यक्रम में कार्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर वन प्रभाग तथा तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। इसके अतिरिक्त चम्पावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, तराई पूर्वी, तराई केंद्रीय, हल्द्वानी वन प्रभाग तथा कालागढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण से जुड़े।
भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा 6 मई 2026 को उत्तराखंड राज्य में प्रस्तावित हाथी गणना कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई थी। योजना के अनुसार संस्थान की शोध टीम 26 मई से 30 जून 2026 तक राज्य के विभिन्न वन प्रभागों में हाथियों की वैज्ञानिक गणना एवं संबंधित फील्ड कार्य सम्पन्न करेगी।
कार्यक्रम में संस्थान के शोधकर्ताओं मुकेश चंद्र, अंशुमन गोगोई एवं आशीष प्रसाद ने हाथी गणना की वैज्ञानिक पद्धतियों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड डेटा संकलन, ट्रांजेक्ट सर्वे, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर हाथियों की गणना तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग की जानकारी साझा की गई।
बताया गया कि हाथी गणना पाँच दिवस तक संचालित की जाएगी तथा भारतीय वन्यजीव संस्थान के विशेषज्ञ भी मौके पर उपस्थित रहेंगे। गणना कार्य मोबाइल फोन में एम-स्ट्राइप्स इकोलॉजी ऐप के माध्यम से किया जाएगा और एकत्रित समस्त डेटा भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून को भेजा जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हाथी संरक्षण एवं प्रबंधन की दृष्टि से सटीक गणना के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी हाथी गणना को वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
कार्यक्रम में विभिन्न वन प्रभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया।

