October 16, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी 74.54 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी 74.54 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

By on February 28, 2026 0 86 Views

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि मेले के शुभारंभ अवसर पर जनपद चम्पावत के लिए कुल 74.54 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएँ क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देंगी।

64.95 करोड़ की पाँच योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग पर चलथी नदी के ऊपर निर्मित 690 मीटर लंबे दो लेन मोटर सेतु का लोकार्पण किया, जिसका निर्माण लगभग 50.14 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है।

इसके अतिरिक्त ग्राम खिरद्वारी में बुक्सा एवं राजी जनजाति के उत्थान हेतु बहुउद्देशीय भवन, नरियाल गाँव स्थित राजकीय पशु प्रजनन फार्म के विकास कार्यों का प्रथम चरण, गुरु गोरखधाम में विकसित पर्यटक सुविधाएँ तथा श्यामलाताल क्षेत्र को ईको-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए झील तट विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया।

9.59 करोड़ की चार नई योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने लगभग 9.59 करोड़ रुपये की चार नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें विधायक निधि से स्वीकृत जनोपयोगी निर्माण कार्य, तहसील बाराकोट में अनावासीय भवन का निर्माण, एड़ी मेला स्थल कालूखान का सौंदर्यीकरण तथा नगर पंचायत बनबसा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में पार्क निर्माण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन योजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आवागमन की सुविधाएँ बेहतर होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माँ पूर्णागिरि का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर बना रहेगा और उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।