October 26, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • उत्तराखंड में अग्निपथ योजना के खिलाफ छात्र संगठनों का विरोध-प्रदर्शन, कई जगह लाठीचार्ज, कांग्रेस ने किया विरोध…

उत्तराखंड में अग्निपथ योजना के खिलाफ छात्र संगठनों का विरोध-प्रदर्शन, कई जगह लाठीचार्ज, कांग्रेस ने किया विरोध…

By on June 19, 2022 0 206 Views

देहरादून: उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में अग्निपथ योजना को लेकर विरोध जारी है। देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी में खासतौर पर युवा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं हल्द्वानी में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस ने अग्निपथ योजना और युवाओं पर किए गए लाठीचार्ज का विरोध किया है। हरिद्वार में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पत्रकार वार्ता कर अग्निपथ योजना का विरोध किया। कहा कि 17 से 25 साल के साढ़े चार करोड़ युवा फौज की तैयारी कर रहे, उन्हें सरकार कहां से नौकरी देगी?

युवा कांग्रेस ने कहा कि युवाओं की मांग जायज है, लेकिन गांधीवादी तरीके से आंदोलन करें। युवा कांग्रेस ने कहा कि अग्निपथ युवाओं के हितों पर डाका है। इसे वापस न लेने पर कांग्रेस गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेगी। वहीं देहरादून में एसएफआई छात्र संगठन के सदस्य अग्निपथ योजना के विरोध में उतरे। अग्निपथ योजना वापस लेने की मांग को लेकर छात्रों ने गांधी पार्क गेट के समक्ष सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

उधर हल्द्वानी में अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवकों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्य्क्ष सुमित्तर भुल्लर ने पत्रकारवार्ता की। हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज गेट के बाहर अग्नीपथ योजना के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार का पुतला फूंका। उधर टनकपुर के पीलीभीत चुगी में भी युवाओं ने धरना प्रदर्शन किया। देशभर में अग्निपथ के विरोध में युवाओं के विरोध को देखते हुए रुड़की और देहात में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसएसपी की ओर से पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रुड़की और देहात में सभी कोतवाली और थाना प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले कोचिंग सेंटरों की सूचना मांगी गई है। अग्निपथ के विरोध में यूपी के कई जिलों में हाईवे जाम से लेकर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी घटनाओं को लेकर हरिद्वार पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।

 

पुलिस अधिकारियों की ओर से सभी थानों और कोतवाली प्रभारियों को ऐसे विरोध पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस के रडार पर शहर और देहात के कोचिंग सेंटर भी आ गए हैं। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह की ओर से सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले कोचिंग सेंटरों के नाम और संख्या के साथ ही कितने युवा सेना की तैयारी कर रहे हैं। इसके बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रदर्शन की भनक लगने पर युवाओं को समझाने के भी निर्देश दिए गए हैं। हरिद्वार में अग्निपथ योजना को लेकर प्रदेश और देश में चल रहे विरोध को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।

हल्द्वानी में लाठीचार्ज की घटना के बाद हरिद्वार में अलर्ट जारी किया गया है। जिले के कई इलाकों में ट्रेन रोकने और धरना-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। देहरादून में भी पुलिस अलर्ट है।