October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • पिथौरागढ़ नैनी सैनी एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा 42 सीटर विमान, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दी मंजूरी

पिथौरागढ़ नैनी सैनी एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा 42 सीटर विमान, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दी मंजूरी

By on March 1, 2024 0 1041 Views

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के नैनी सैनी एयरपोर्ट के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 42 सीटर विमान के संचालन को मंजूरी प्रदान कर दी है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का इस हेतु आभार प्रकट करते हुए कहा कि 42 सीटर विमान के संचालन से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में एयर कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से निरंतर रूप से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में हवाई सेवाएं सुदृढ़ हो रही हैं. इससे पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी.

गौर है कि देहरादून से पंतनगर और पिथौरागढ़ के लिए 26 फरवरी से हवाई सेवा शुरू कर दी गई है. 18 सीटर विमान का संचालन वर्तमान में नैनी सैनी एयरपोर्ट जारी है. लेकिन अब केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से 42 सीटर विमान के संचालन की मंजूरी मिलने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान सेवा भी शुरू हो जाएगी.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिथौरागढ़ आगमन के बाद से पिथौरागढ़ में पर्यटन के अपार संभावनाएं बढ़ी हैं. कैलाश मानसरोवर और आदि कैलाश के यात्रियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि विमान सेवा शुरू होने से सीमांत क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावना बढ़ेंगी. साथ ही आपदा के दौरान लोगों को वहां से रेस्क्यू करने में भी मदद मिलेगी.

इससे पहले सीएम धामी ने 30 जनवरी 2024 को नैनी सैनी एयरपोर्ट से हवाई सेवा का उद्घाटन किया था. उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअल जुड़े थे.