कॉर्बेट में वनकर्मी पर बाघ का हमला, घायल वनकर्मी को किया रेफर
रामनगर।कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के सर्पदुली रेंज में गश्त से लौट रहे एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब गश्ती दल सर्पदुली रेस्ट हाउस के पास पहुंचने ही वाला था। तभी घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक दैनिक श्रमिक पीताम्बर पर हमला कर दिया। साथ मौजूद वनकर्मियों ने शोर मचाया और लाठियां फटकारकर बाघ को खदेड़ा, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर लौट गया।
घटना के बाद घायल पीताम्बर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

