Breaking News

By on September 1, 2026 0 1 Views

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में अपनी सादगी और सहजता से स्थानीय कारोबारियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए अचानक मिलन डेयरी पहुंचे और वहां चाय की चुस्की ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया।

चाय के दौरान मुख्यमंत्री ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से आत्मीय बातचीत कर उनके कारोबार और क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, दुकानों और छोटे कारोबारियों को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकल फॉर वोकल’ केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है। स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय बाजार और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान स्थानीय उत्पादों, हुनर और उद्यमिता से भी जुड़ी है। सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री का पैदल चलकर स्थानीय डेयरी पहुंचना और वहां चाय पीना इसी सोच का सहज उदाहरण बना।