October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखंड बीजेपी को मिल सकती है पहली महिला अध्यक्ष, जानिये वजह, चर्चाओं में ये दो नाम

उत्तराखंड बीजेपी को मिल सकती है पहली महिला अध्यक्ष, जानिये वजह, चर्चाओं में ये दो नाम

By on March 21, 2025 0 452 Views

देहरादून: उत्तराखंड बीजेपी में इन दिनों उठा पटक का दौर चल रहा है. बीते दिनों धामी कैबिनेट में मंत्री रहे प्रेमचंद अग्रवाल ने इस्तीफा दिया. अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को बदलने की चर्चाएं तेज हैं. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में कई नाम हैं. इस लिस्ट में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, दीप्ति भारद्वाज का नाम भी चल रहा है. जानकार मान रहे हैं कि जैसे बीजेपी ने दिल्ली में रेखा गुप्ता को सीएम बनाकर सबको चौंकाया है वैसे ही उत्तराखंड में भी हो सकता है.

वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली की माने तो भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश भर में महिला प्रतिनिधित्व को लेकर सबको चौंकाया है. ऐसा उत्तराखंड में भी हो सकता है. उत्तराखंड में पहली बार भारतीय जनता पार्टी को एक महिला प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है. जानकार बताते हैं कि आधी आबादी के प्रतिनिधित्व को मजबूत करते हुए ऐसा भी हो सकता है कि पार्टी इस बार किसी महिला चेहरे पर दांव खेल सकती है. इसमें गढ़वाल से ही किसी ब्राह्मण महिला नेता को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है. इसमें केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और दीप्ति रावत भारद्वाज सबसे प्रबल दावेदार हैं.

वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली ने बताया हाल ही में बीजेपी ने महिलाओं को आगे बढ़ाते हुए सबको चौंकाया है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसका ताजा उदाहरण हैं. इसके अलावा अगर प्रदेश की बात करें तो इससे पहले बीजेपी कल्पना सैनी को राज्यसभा सांसद बनाया है.ऋतु खंडूरी को स्पीकर बनाया है.

आशा नौटियाल के बारे में बोलते हुए वरिष्ठ पत्रकार नीरज कोहली ने कहा उन्हें संगठन का अनुभव है. हाल ही में आशा नौटियाल केदारनाथ की टफ फाइट जीतकर आई हैं. इसके साथ ही समीकरण के हिसाब से भी वे इसके लिए फिट बैठती हैं. इसके अलावा दीप्ति रावत भारद्वाज भी इस कड़ी में चौंकाने वाला नाम हो सकती हैं.