September 11, 2026
Breaking News

By on July 7, 2022 0 207 Views

लखनऊ: घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, सरकार ने खाद्य तेल कंपनियों से 10 रुपये प्रति लीटर दाम घटाने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ में बुधवार को 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर 50 रुपये बढ़कर 1090.50 रुपये का हो गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतें बढ़ने के बीच घरेलू गैस की कीमतों में इस साल यह चौथी बढ़ोतरी है। इसी तरह पांच किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर 382.50 से बढ़कर 400.50 रुपये हो गया है। यह 18 रुपये महंगा हुआ है। 10 किलोग्राम का कम्पोजिट सिलेंडर 741.50 से बढ़कर 777 रुपये का हो गया है। इसकी कीमत 35.50 रुपये बढ़ी है। वही 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है। यह 2130.50 रुपये से घटकर 2122 रुपए हो गया है। केंद्र सरकार ने खाद्य तेल कंपनियों को हफ्तेभर में दस रुपये प्रति लीटर कीमत कम करने की हिदायत दी है। साथ ही यह भी निर्देश दिया है कि पूरे देश में एक ब्रांड के खाद्य तेल का खुदरा मूल्य एक होना चाहिए।

महिलाओं ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने के विरोध में बुधवार से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। तालकटोरा रोड पर ‘बढ़ती मंहगाई,घटती कमाई,आज यही है मुल्क की सच्चाई’बैनर तले एक लोगों ने मंहगाई के खिलाफ मांगपत्र पर हस्ताक्षर किये। इस मौके पर मंहगाई के खिलाफ पर्चे बांटे गये।

राष्ट्रपति को भेजा जाएगा मांगपत्र

एडवा की मधु गर्ग ने बताया कि घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ाना गरीब विरोधी कदम है। इसका असर महिलाओं की रसोई पर पड़ता है। इस अभियान में वंदना राय,चंद्रा,मेहर जहां,कौसर,रूबी रिज़वी,संतोषी, रामकली समेत अन्य ने हिस्सा लिया। एडवा 50 हजार हस्ताक्षर कराकर यह मांगपत्र राष्ट्रपति को भेजेगा।