October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • शाहजहांपुर में सड़क हादसा: वैन पलटने से 4 मजदूरों की मौत, 16 घायल

शाहजहांपुर में सड़क हादसा: वैन पलटने से 4 मजदूरों की मौत, 16 घायल

By on February 14, 2025 0 356 Views

शाहजहांपुर:  उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर के कारण एक वैन के पलट जाने से चार मजदूरों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मनोज कुमार अवस्थी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह दुर्घटना बुधवार देर रात विचोला गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि मजूदरों एवं उनके परिवारों को लेकर हरियाणा जा रही वैन को बुधवार रात को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिसके कारण वैन पलट गई और उसमें सवार दो लोगों -श्यामवती (60) तथा समीला (26) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने हादसे का शिकार हुए अन्य लोगों को फर्रुखाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान दो और लोगों-राम कुमारी (35) और लवकुश (30) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में 16 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

हादसे में मारे गए लोग सीतापुर जिले के रहने वाले थे और मजदूरी करने के लिए हरियाणा जा रहे थे। अवस्थी ने बताया कि पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगा रही है।