October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • सिंचाई के लिए परेशान हुए ग्रामीण। नलकूप से नहीं दिया जा रहा पानी।

सिंचाई के लिए परेशान हुए ग्रामीण। नलकूप से नहीं दिया जा रहा पानी।

By on April 23, 2022 0 307 Views

कालाढूंगी। गर्मी के इस मौसम में जहां फसल-चारा पत्ती के लिए सिंचाई पानी की अधिक जरूरत होती है, ऐसे में विकास खंड कोटाबाग के पूर्वी मूसाबंगर एवं केसाबंगर के ग्रामीण सिंचाई के लिए परेशान हैं। पानी नहीं मिलने से पशुओं के लिए घरों में बने पानी के टैंक भी सूखने लगे हैं। कालाढूंगी विधानसभा के अंतर्गत विकास खंड कोटाबाग के पूर्वी मूसाबंगर एवं केसाबंगर के ग्रामीणों ने शनिवार को बैठक कर विभागीय व्यवस्था पर गहरा आक्रोश जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक जमाने से यहां नलकूप खंड रामनगर डिवीजन द्वारा लगाए गए नलकूप 34 केजी से उन्हें सिंचाई के लिए पानी मिलता रहा है। मगर अब कुछ महीनों से यह कहकर पानी बंद कर दिया गया है कि यह क्षेत्र उनकी व्यवस्था में नहीं आता है।
ऐसे में दर्जनों ग्रामीण हैं जो पानी के लिए तरस रहे हैं, जहां उनकी फसल-चारा पत्ती सिंचाई के आभाव में सूखती जा रही है, तो पशुओं के लिए भी पानी का संकट पैदा हो गया है। विगत कई महीनों से परेशान ग्रामीणों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की है। जिनका कहना है कि अगर उन्हें पूर्व व्यवस्था की तरह पानी नहीं दिया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान लक्ष्मण सिंह राणा, देवेंद्र बुधलाकोटी, भीम सिंह जलाल, मोहन सिंह राणा, देवकी नंदन, भगत सिंह, जलाल, दीपक, विजय, नवीन पंत, विपिन चंद्र, रमेश गुणवंत, मुकेश मासीवाल आदि लोग मौजूद थे। इधर नलकूप खंड के संबंधित अभियंता गजेंद्र आर्या का कहना है कि ग्रामीणों द्वारा उन्हें आज ही समस्या से अवगत कराया गया है। गर्मी के मौसम में सबको बारी-बारी पानी मिलेगा। जिनको पानी नहीं मिल रहा है, उन्हें भी रविवार से पानी मिलेगा। गर्मी के बाद नक्शे के आधार पर जैसी व्यवस्था होगी, उसको देखा जाएगा।