November 1, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तराखण्ड: 19 अगस्त से भराड़ीसैंण में होगा मानसून सत्र, सरकार लाएगी अनुपूरक बजट का प्रस्ताव

उत्तराखण्ड: 19 अगस्त से भराड़ीसैंण में होगा मानसून सत्र, सरकार लाएगी अनुपूरक बजट का प्रस्ताव

By on August 9, 2025 0 214 Views

देहरादून: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में 19 अगस्त से शुरू होने वाले मानसून सत्र में प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए लगभग पांच हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करेगी।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी से वर्चुअल माध्यम से कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सबसे पहले आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। फिर कैबिनेट में वित्त विभाग ने मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश करने का प्रस्ताव रखा। इस पर विभागवार चर्चा करने के बाद मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी।

अनुपूरक बजट लगभग पांच हजार करोड़ होने का अनुमान है। कैबिनेट में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने धराली व पौड़ी जिले के सैंजी गांव में आई आपदा में बचाव व राहत कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया।

मुख्यमंत्री धामी पिछले तीन दिनों से धराली आपदा में बचाव व राहत कार्यों के लिए उत्तरकाशी में डटे हैं। वह धराली क्षेत्र का दौरा कर प्रभावितों से मिले। साथ ही वर्चुअल माध्यम से कैबिनेट बैठक भी ली।
कैबिनेट में देहरादून से पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल, पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, ग्राम्य विकास एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी जुड़े। बता दें कि 19 से 22 अगस्त तक भराड़ीसैंण में मानसून सत्र आहूत होगा। इसके लिए विधानसभा सचिवालय तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।