October 28, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • विपक्षी एकता बैठक: 15 दलों के 30 नेता हुए शामिल, नीतीश बोले – अगली मीटिंग में तय होगा कौन-कहां से लड़ेगा ? ममता ने कहा –हम एक साथ लड़ेंगे, सुनें बयान: VIDEO

विपक्षी एकता बैठक: 15 दलों के 30 नेता हुए शामिल, नीतीश बोले – अगली मीटिंग में तय होगा कौन-कहां से लड़ेगा ? ममता ने कहा –हम एक साथ लड़ेंगे, सुनें बयान: VIDEO

By on June 24, 2023 0 383 Views

पटना : 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए पटना (बिहार) में विपक्षी दलों की बैठक खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री आवास में ढाई घंटे चली बैठक में 15 पार्टियों के नेता मौजूद रहे। अब दूसरी बैठक शिमला में होगी। यह 10 से 12 जुलाई के बीच हो सकती है। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के सीएम और बैठक के मेजबान नीतीश कुमार ने कहा, ‘एक साथ चुनाव लड़ने पर सहमति बन गई है। जल्द अगली मीटिंग होगी। जिसमें तय होगा की कौन कहां लड़ेगा। जो शासन में है वे देश के हित में काम नहीं कर रहे हैं। वे सब इतिहास बदल रहे हैं। हम सबका अभिनंदन करते हैं।

 

 

पटना की बैठक से कांग्रेस नेतृत्व भी संतुष्ट है। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘हम 10 या 12 जुलाई को शिमला में फिर से मिल रहे हैं। जिसमें हम एक सामान्य एजेंडा तैयार करेंगे। हमें हर राज्य में अलग-अलग तरह से काम करना पड़ेगा।’

वहीं, राहुल गांधी ने कहा, ‘भाजपा और RSS हिंदुस्तान की नींव पर आक्रमण कर रही है। यह विचारधारा की लड़ाई है और हम साथ खड़े हैं। हमने निर्णय लिया है कि हम एक साथ काम करेंगे और अपनी सामान्य विचारधारा की रक्षा करेंगे। हर पार्टी में थोड़ा बहुत मतभेद है, लेकिन एक साथ काम करेंगे। यह विपक्षी एकता की प्रक्रिया है जो आगे बढ़ेगी।’

पढ़िए अन्य प्रमुख नेताओं ने क्या-क्या कहा?

  • पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘जो मुल्क के अंदर हो रहा है और हमारे लोकतंत्र, संविधान, सेक्युलरिज्म पर हमला हो रहा है उसका प्रयोगशाला हमारा जम्मू-कश्मीर बन चुका है। हमने जिस महात्मा गांधी, नेहरू के मुल्क के साथ हाथ मिलाया है वही आइडिया ऑफ इंडिया है।’
  • महराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘देश की एकता, अखंडता बनाए रखने के लिए हम एक साथ आए हैं। इसके आगे हमारे प्रजातंत्र पर आघात करेगा उसका हम सब मिलकर विरोध करेंगे। जो भी देश में तानाशाही लाना चाहेगा उसके ख़िलाफ हम एक साथ रहेंगे।
  • पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, ‘पटना में जो बैठक हुआ है वो अच्छा हुआ है। हमने तीन चीज पर जोर दिया है-हम लोग एक है, हम लोग एक साथ लड़ेंगे। बीजेपी चाहती है कि इतिहास बदला जाए और हम चाहते हैं कि बिहार से इतिहास बचाया जाए।
  • नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘मैं और महबूबा मुफ्ती इस मुल्क के ऐसे बदनसीब इलाके से ताल्लुक रखते हैं जहां लोकतंत्र का दिनदहाड़े कत्ल किया जा रहा है। वज़ीर-ए-आज़म को व्हाइट हाउस में लोकतंत्र की बात करते हुए अच्छा लगा लेकिन यह लोकतंत्र जम्मू-कश्मीर तक क्यों नहीं पहुंचता?’
  • सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘पटना का यही संदेश है कि हम सब मिलकर काम करेंगे और मिलकर देश को बचाने का काम करेंगे।’
  • लालू प्रसाद यादव ने कहा, ‘आज की बैठक में सबने खुलकर अपने विचार रखे हैं और तय हुआ है कि अगली बैठक शिमला में होगी और उसमें आगे की रणनीति तय करेंगे। एक होकर हमें लड़ना है।’

बैठक में 15 दलों के 30 नेता शामिल हुए

बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, सांसद संजय राउत बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला शामिल हुए। कुल 15 दलों के 30 से अधिक नेता विपक्षी एकता मीटिंग में पहुंचे थे।