October 31, 2026
Breaking News

दागी पुलिसकर्मियों की अब खैर नहीं! शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

By on June 14, 2025 0 470 Views

हल्द्वानी: पुलिसकर्मियों की भ्रष्टाचार में लिप्तता और अपराधियों के साथ साठ गांठ को लेकर अब आईजी कुमाऊं ने सख्त निर्देश जारी किया है. जिसके लिए पुलिस विभाग ने अब टोल फ्री नंबर भी जारी किया है. जिसके माध्यम से आम जनता अब पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की शिकायत टोल फ्री नंबर पर कर सकती है.

आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त एवं ड्रग्स फ्री बनाने के निर्देश दिए गए हैं. जिसके तहत कुमाऊं रेंज स्तर पर SOTF (Special Operations Task Force) का गठन किया गया है. इन टीमों का उद्देश्य नशे के कारोबार और पुलिस की मिलीभगत से हो रहे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है. साथ ही समाज में कानून-व्यवस्था और शांति-सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना है.

आईजी ने निर्देश जारी किया है की यदि SOTF की कार्रवाई के दौरान कोई पुलिसकर्मी किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिसके लिए रेंज स्तर पर हेल्पलाइन नम्बर भी जारी किया गया है. जिस पर केवल अवैध ड्रग्स के कारोबार एवं पुलिस की मिलीभगत से हो रहे भ्रष्ट्राचार एवं संगठित जघन्य अपराधों की ही सूचना दे सकते हैं. आईजी कुमाऊं रेंज ने कहा ड्रग्स की बिक्री, पुलिस की मीलीभगत से हो रहे भ्रष्टाचार एवं गंभीर संगठित अपराधों की शिकायतें प्राप्त हो रही थी. देखने में आया है कि स्थानीय पुलिस द्वारा शिकायतों को गम्भीरता से न लेकर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है. अपराधियों के साथ मीलीभगत पुलिस के छवि को खराब कर रही है.

आईजी कुमाऊं रेंज ने कठोर निर्देश जारी करते हुए कहा कि यदि जांच के दौरान यह सामने आता है कि किसी भी स्तर पर पुलिस की मिलीभगत पायी गयी तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी भी पुलिसकर्मी को इस मामले में बख्शा नहीं जाएगा. अवैध ड्रग्स के कारोबार, संगठित अपराध, पुलिस की भ्रष्ट्राचार में संलिप्तता की सूचना कुमाऊं परिक्षेत्र के हेल्पलाइन नम्बर 9411110057 पर दी जा सकती है.सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा