चोरगलिया के निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर दवाइयां सीज
चोरगलिया। निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र चोरगलिया का आज ड्रग इंस्पेक्टर, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में पुरुष और महिला दोनों मरीज पाए गए। जांच में संस्था का स्टेट मेंटल हेल्थ अथॉरिटी के निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीकरण भी पाया गया।
निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर ने कुछ दवाइयों का स्टॉक निर्धारित तरीके से नहीं रखे जाने पर उन्हें सीज कर दिया। साथ ही बिना स्टॉक में पंजीकरण के दवाइयां रखने के मामले में संस्था के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण अग्रसारित किया गया।
वहीं, निरीक्षण के दौरान केंद्र में काउंसलर भी कार्यरत नहीं पाया गया। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संबंधित संस्था को नोटिस जारी कर अग्रिम कार्रवाई की गई है।
संयुक्त टीम ने संस्था प्रबंधक को नशा मुक्ति केंद्र का संचालन निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।

