राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से लगी सीमाओं और मुख्य सड़कों पर वन्यजीवों के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करना अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। कॉर्बेट प्रशासन ने ऐसी गतिविधियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वन्यजीवों के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले पांच लोगों को नोटिस जारी किए हैं।
दरअसल, कॉर्बेट से सटे इलाकों में वन्यजीव अक्सर सड़क के एक ओर से दूसरी ओर आते-जाते दिखाई देते हैं। ऐसे में इनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने की आशंका रहती है। इससे वन्यजीवों के साथ-साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
कॉर्बेट प्रशासन का कहना है कि वन्यजीवों की मौजूदगी वाले स्थानों पर भीड़ जुटने से किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से वन्यजीवों के वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचने की अपील की है।

