October 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • अपराध
  • हाईटेक हुआ दून चिकित्सालाय, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

हाईटेक हुआ दून चिकित्सालाय, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

By on June 30, 2022 0 311 Views

देहरादून. दूनवासियों के लिए अच्छी खबर है. देहरादून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की नई ओटी इमरजेंसी और आईसीयू बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है. यह अगले महीने यानी जुलाई से शुरू कर दी जाएगी. 129 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस नई बिल्डिंग में करीब 12 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, चार आईसीयू बर्न वार्ड, गायनी और ट्रोमा वार्ड बनाए गए हैं. बता दें कि साल 2015 में इस बिल्डिंग का शिलान्यास किया गया था. दून अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. केसी पंत ने बताया कि 30 जून के बाद दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की नई ओटी और इमरजेंसी बिल्डिंग शुरू हो जाएगी. अब तक अस्पताल में जो सुविधाएं मरीजों को नहीं मिल पाती थीं, अब लोगों को वे सारी सुविधाएं दी जाएंगी. नई बिल्डिंग में अत्याधुनिक बेड, लेटेस्ट मशीनों समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

दून अस्पताल की इस नई बिल्डिंग में क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

अस्पताल की नई बिल्डिंग में ट्रॉमा, जनरल वार्ड और गायनी इमरजेंसी वार्ड में 39 अत्याधुनिक बेड हैं. नवजात शिशुओं और प्रसूताओं के लिए 52 बेड हैं. आईसीसीयू, एमआईसीयू, एसआईसीयू, बर्न आईसीयू वार्ड में 40 बेड उपलब्ध हैं. आधुनिक ओटी, प्री-पोस्ट ओटी वार्ड की सुविधा भी मरीजों को मिल सकेगी.

अस्पताल की इस नई बिल्डिंग में 17 ऑपरेशन थिएटर होंगे, जिसमें करीब 12 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे. अत्याधुनिक उपकरणों से लैस ओटी में सर्जरी आसान और सुरक्षित होगी. अंतर्राष्ट्रीय मानकों के मुताबिक, ये मॉड्यूलर ओटी बनाई गई हैं, जिनमें सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, प्लास्टिक और न्यूरो विभाग के सर्जन ऑपरेशन कर सकेंगे.

गौरतलब है कि दून अस्पताल में लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या से लोग खासा परेशान रहते हैं. कई बार तो मरीजों को बिना इलाज के ही लौट जाना पड़ता है. वहीं, कुछ मामलों में अत्याधुनिक सुविधाओं के न होने के चलते मरीजों को इधर-उधर दौड़ना पड़ता था. अस्पताल की इस नई बिल्डिंग के संचालन से मरीजों को काफी राहत मिलेगी.