October 24, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • उत्तराखंड: तबादला सूची के लिए IFS अफसरों को करना होगा इंतजार, वन महकमे में नई जिम्मेदारी को लेकर आया अपडेट

उत्तराखंड: तबादला सूची के लिए IFS अफसरों को करना होगा इंतजार, वन महकमे में नई जिम्मेदारी को लेकर आया अपडेट

By on June 13, 2024 0 636 Views

देहरादूनः उत्तराखंड में सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक के लिए आईएफएस अफसरों में उत्सुकता दिखाई दे रही है. माना जा रहा था कि लोकसभा चुनाव के फौरन बाद सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक आहूत कर दी जाएगी. इसके साथ ही तमाम राज्य भर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारी भी मिल जाएगी. लेकिन फिलहाल ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है.

राज्य में वन विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देख रहे आईएफएस अधिकारियों के तबादले को लेकर अभी कुछ समय और लगने जा रहा है. इसकी वजह यह है कि सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक जून महीने में प्रस्तावित होती हुई दिखाई नहीं दे रही है. हालांकि, वन विभाग में अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थानांतरित कर तैनाती दिए जाने का प्लान था. लेकिन विभागीय मंत्री से लेकर प्रमुख सचिव वन की व्यस्त होने के कारण अभी सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक नहीं हो पाएगी. इस तरह प्रदेश में 4 जुलाई के बाद ही सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक होना संभावित दिखाई दे रहा है.

राज्य में आईएफएस अधिकारी बड़ी संख्या में स्थानांतरित किए जाने हैं. फील्ड में तैनात डीएफओ से लेकर मुख्यालय स्तर के अधिकारियों में बदलाव होना है. पिछले दिनों प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी जानी है. कई अधिकारी ऐसे हैं जो लंबे समय से एक ही तैनाती पर बने हुए हैं. उन्हें भी इधर से उधर किया जाएगा.

एडिशनल प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (APCCF) स्तर के पदों पर बदलाव होने हैं. साथ ही पदोन्नत प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (PCCF) भी नई जिम्मेदारी के लिए सूची में जुड़ सकते हैं. स्थानांतरण के लिए फिलहाल एक सूची तैयार भी की जा चुकी है. और अब इस सूची पर कुछ संशोधन की संभावना के साथ मंथन किया जा रहा है. इसके अलावा स्थानांतरण की खबर के साथ ही तमाम अधिकारी भी अपनी नई तैनाती को लेकर सिफारिश में जुट गए हैं. हालांकि, अभी सूची के लिए करीब 1 महीने का वक्त बाकी है.