October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • सीएम धामी के अधिकारियों को निर्देश, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई

सीएम धामी के अधिकारियों को निर्देश, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई

By on December 31, 2025 0 187 Views

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पांच जनवरी तक प्रदेश में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटे, लेकिन पर्यटकों को जांच के नाम पर बेवजह परेशान भी न किया जाए।

मंगलवार को सचिवालय में सीएम धामी ने नए साल पर आवागमन को सुगम बनाने, पर्यटकों की सुविधा, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि देवभूमि में आपराधिक कृत्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों, अधिक आवागमन तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में समुचित सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए।

सभी जिलों में यातायात प्रबंधन के साथ मूलभूत सुविधाओं व पार्किंग की समुचित व्यवस्था, वाहनों के अनियंत्रित संचालन और शराब पीकर गाड़ी चलाने पर विशेष निगरानी के साथ ही शराब के ठेकों के आसपास भी सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले सभी पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा एवं आतिथ्य का पूरा ध्यान रखा जाए। यह भी सुनिश्चित हो कि चेकिंग के नाम पर आम जनता एवं पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
देहरादून में जिन स्थानों पर सड़कों पर अतिक्रमण की समस्याएं आ रही हैं, उन्हें सख्ती से हटाया जाए। जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन और एमडीडीए टास्क फोर्स बनाकर सड़कों से निरंतर अतिक्रमण हटाए। निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर होटल और रिसार्ट्स में भी फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की घटना की स्थिति में पुलिस पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाए।