September 10, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • सभी ने कही अलग–अलग बात, पढ़िये उत्तराखंड मे विकास को लेकर क्या हैं ? धामी सरकार के 8 मंत्रियों के जज़्बात…

सभी ने कही अलग–अलग बात, पढ़िये उत्तराखंड मे विकास को लेकर क्या हैं ? धामी सरकार के 8 मंत्रियों के जज़्बात…

By on March 25, 2022 0 257 Views

देहरादून: बुधवार को पुष्‍कर सिंह धामी ने उत्‍तराखंड के 12वें मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही आठ मंत्रियों ने भी ली। आइए जानते हैं मंत्री बनने के बाद ये मंत्री क्‍या बोले।

1-सतपाल महाराज (कैबिनेट मंत्री)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप आने वाली सदी को उत्तराखंड की सदी बनाने को हम प्रतिबद्ध हैं। राज्य का चहुंमुखी विकास और रोजगार सृजन पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पर्यटन की दृष्टि से उत्तराखंड बेहतर गंतव्य बने, इसके प्रयास किए जाएंगे। विशेषकर शीतकालीन पर्यटक स्थलों के विकास पर फोकस होगा। पूर्व में कुछ सर्किट बनाए गए थे, लेकिन कोरोना संकट ने दिक्कत बढ़ाई। अब इन्हें आगे बढ़ाने का अवसर है।

2-सुबोध उनियाल (कैबिनेट मंत्री)

राज्यवासियों की अपेक्षाओं को पूरा करने की चुनौती है। जो कार्य शुरू किए गए हैं, उनकी निरंतरता बनाए रखने की आवश्यकता है। जिस तरह से जनता ने इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर विश्वास जताया है, उससे हमारी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन किया जाएगा।

3-डा धन सिंह रावत (कैबिनेट मंत्री)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी नेतृत्व ने जो मुझे जो अवसर दिया है, उसके लिए धन्यवाद। उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। इसके लिए सुविचारित रणनीति के साथ कदम बढ़ाए जाएंगे। राज्यवासियों की जो अपेक्षाएं सरकार से हैं, उन्हें पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

4-रेखा आर्य (कैबिनेट मंत्री)

फिर से जिम्मेदारी सौंपने के लिए केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार। उत्तराखंड में इतिहास रचने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आने वाले पांच साल महिलाओं व युवाओं के लिए समर्पित रहेंगे। पार्टी के दृष्टिपत्र के अनुसार कार्य होंगे। सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए सरकार कार्य करेगी।

5-गणेश जोशी (कैबिनेट मंत्री)

जिस भरोसे के साथ पार्टी ने जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरेंगे। सबसे पहले मिशन सैन्य धाम को पूरा करना संकल्प है, जिसे 2024 से पहले पूरा किया जाएगा। भाजपा की सरकार जनता की सरकार है और सारे कार्य तेजी से होंगे। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनता का विश्वास जगा है। धामी टीम के कप्तान हैं और अब सभी उनके नेतृत्व में काम करेंगे और प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

6-प्रेमचंद अग्रवाल (कैबिनेट मंत्री)

जो जिम्मेदारी मिली है, उसे बेहतर ढंग से निभाने का प्रयास करुंगा। उत्तराखंड को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर सरकार खरा उतरेगी। युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बहुत अच्छे से कार्य होंगे। गैरसैंण समेत पूरे पर्वतीय क्षेत्र के विकास के लिए सरकार कार्य करेगी।

7-सौरभ बहुगुणा (कैबिनेट मंत्री)

उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास और गांवों से पलायन रोकने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। पिछली सरकार में इस दिशा में कई कदम उठाए गए, जिन्हें तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने के अनुरूप इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से पालन करूंगा।

8-चंदन रामदास (कैबिनेट मंत्री)

मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार। जनहित से जुड़े विषयों का समाधान और गरीब कल्याण की योजनाओं का ईमानदारी से लागू करना हमारी प्राथमिकता होगी। दृष्टि पत्र में हमने जो वायदे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। पलायन थामने के लिए इस बार कोई नई नीति भी बनाई जाएगी।