SIR विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल, भाजपा नेताओं पर मुकदमे की मांग को लेकर SSP कार्यालय में धरना
उधमसिंह नगर। ऊधम सिंह नगर में SIR को लेकर सियासी घमासान अब एसएसपी कार्यालय तक पहुंच गया है। कलेक्ट्रेट में SIR को लेकर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के सामने भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई कहासुनी और हंगामे के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासन की ओर से राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।
भाजपा नेताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग
सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रुद्रपुर स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विवाद में शामिल दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
धरने पर बैठे किच्छा विधायक
किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्ट्रेट में हुए विवाद में प्रशासन की कार्रवाई एकतरफा रही है। कांग्रेस का कहना है कि यदि झड़प और हंगामे को लेकर एक पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, तो दूसरे पक्ष की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक एसएसपी कार्यालय के बाहर माहौल गरमाया रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।

