कॉर्बेट का प्रसिद्ध ढिकाला जोन पर्यटकों के लिए खुला, 20 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन बुकिंग फुल
रामनगर। कॉर्बेट नेशनल पार्क का सबसे लोकप्रिय ढिकाला पर्यटन जोन रविवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। सुबह साढ़े छह बजे विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अवैतनिक वन्यजीव प्रतिपालक दिनेश मंगला और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर और सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया।
करीब पांच महीने तक मानसून सीजन के चलते बंद रहने के बाद एक बार फिर ढिकाला का जंगल पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार हो गया है। बाघ की दहाड़, हाथियों की चिंघाड़ और प्राकृतिक वातावरण में वन्यजीवों को देखने का रोमांच ढिकाला को पर्यटकों के बीच खास पहचान दिलाता है। यही वजह है कि हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
नए पर्यटन सत्र में 14 जून 2027 तक पर्यटक ढिकाला जोन में जंगल सफारी के साथ ही रात्रि विश्राम यानी नाइट स्टे का भी आनंद ले सकेंगे। ढिकाला की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 20 जनवरी 2027 तक की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है।
ढिकाला जोन के खुलने से जहां वन्यजीव प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं कॉर्बेट के पर्यटन कारोबारियों को भी नए पर्यटन सत्र से बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

