November 9, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • 15 नवम्बर से पर्यटकों के लिए खुलेगा कॉर्बेट का ढिकाला जोन, नाइट स्टे की सुविधा भी होगी शुरू,

15 नवम्बर से पर्यटकों के लिए खुलेगा कॉर्बेट का ढिकाला जोन, नाइट स्टे की सुविधा भी होगी शुरू,

By on November 9, 2026 0 63 Views

 रामनगर। कॉर्बेट नेशनल पार्क के प्रसिद्ध ढिकाला जोन में 15 नवम्बर से पर्यटन गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इसी के साथ पर्यटकों के लिए रात्रि विश्राम यानी नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। पर्यटन सत्र को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गेस्ट हाउसों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, वहीं मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का काम भी जारी है।

ढिकाला जोन अपने प्राकृतिक सौंदर्य और नाइट स्टे के लिए देश-विदेश के पर्यटकों के बीच खासा लोकप्रिय है। पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए पार्क प्रशासन गेस्ट हाउसों को तैयार करने में जुटा हुआ है। इसके साथ ही रास्तों के किनारे उगी ऊंची घास और झाड़ियों की सफाई भी कराई जा रही है। मानसून के दौरान बढ़ी घास और झाड़ियों के कारण वन्यजीवों की मौजूदगी का पता लगाने में परेशानी होती है। ऐसे में पर्यटकों और सफारी मार्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

हालांकि, इस बार पर्यटकों को रामगंगा पार के क्षेत्र में जाने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, रामगंगा नदी में पानी का स्तर अधिक होने के कारण फिलहाल वहां पुल बनाना संभव नहीं है। यही वजह है कि 15 नवम्बर से ढिकाला जोन खुलने के बावजूद रामगंगा पार का क्षेत्र फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।