Breaking News
  • Home
  • बड़ी खबरें
  • मथुरा दर्शन करने जा रहे चार लोगों की हादसे में मौत,पांच घायल

मथुरा दर्शन करने जा रहे चार लोगों की हादसे में मौत,पांच घायल

By on July 18, 2021 0 427 Views

हाथरस। मथुरा-बरेली राजमार्ग पर हसायन थानाक्षेत्र के रति के नगला के निकट ट्रक और ईको कार के बीच आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में कराया गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर शवों को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रदीप राठौर निवासी गली बकर कसाव जोशीली,जिला बरेली हर महीने मथुरा व वृदावन के दर्शन करने के लिए अपने मित्रों के साथ जाते थे। शनिवार को वो अपने मित्रों के साथ पहले कासगंज तक ट्रेन से आए। कासगंज से मथुरा के लिए एक ईको कार किराए पर ली और मथुरा के लिए निकल गए। तभी रात करीब साढ़े नौ बजे हसायन के रति का नगला के पास सामने से आ रहे ट्रक से ईको कार की टक्कर हो गई। हादसे की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रदीप राठौर उनके मित्र शैलेंद्र राठौर और भरत को मृत घोषित कर दिया। जबकि उमेंद्र, पिंकू, मीना व किरन गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक और युवक की मौत हो गई।
हादसे की जानकारी लगने पर तड़के मृतकों के स्वजन जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। जहां शवों को देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक प्रदीप राठौर के भतीजे रिशी राठौर ने हादसे की रिपोर्ट ट्रक चालक के खिलाफ थाना हसायन में दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर अवधेश कुमार का कहना है कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। जिसमें तीन मृतकों की शिनाख्त हो चुकी है। अभी एक शव की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे है। रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।