September 11, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • सौरव जोशी को धमकी देने वाला आरोपी अरेस्ट, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मांगी थी रंगदारी

सौरव जोशी को धमकी देने वाला आरोपी अरेस्ट, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मांगी थी रंगदारी

By on November 18, 2024 0 607 Views

हल्द्वानी में मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने यूट्यूबर से दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी. इसके साथ ही नहीं देने और पुलिस को बताने पर सौरव जोशी के परिवार के एक सदस्य को जान से मारने की धमकी दी थी.

बता दें अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर सौरव जोशी को धमकी भरा पत्र भेजा था. जिसमें पैसे न देने पर सौरव और उसके परिवार के सदस्य को जान से मारने की धमकी दी थी. सौरव की तहरीर के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.

नैनीताल के एसएसपी प्रहलाद मीणा ने बताया कि यूट्यूबर सौरव जोशी से रंगदारी मांगने वाले आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. जिसकी पहचान अरुण कुमार मूल निवासी बदायूं के रूप में हुई है. एसएसपी ने बताया अरुण पहले पंजाब के मोहाली में एक होटल में काम करता था, लेकिन नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने शॉर्टकट से पैसे कमाने के लिए यूट्यूबर के घर की रेकी की थी.

यूट्यूबर के घर की रेकी करने के बाद आरोपी ने सौरव को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का प्लान बनाया. सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद पुलिस ने आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि कहीं वाकई आरोपी का बिश्नोई गैंग से कोई कनेक्शन तो नहीं है. हालांकि ये जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.