October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • वन बीट अधिकारी के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत

वन बीट अधिकारी के संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत

By on February 28, 2024 0 633 Views

तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के अंतर्गत आने वाली टनकपुर की शारदा रेंज में तैनात वन बीट अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद से वन विभाग के अधिकारीयों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार बीट अधिकारी हरीश चंद्र जोशी की मौत गोली लगने की वजह से हुई है। बताया जा रहा है कि वन कर्मी का शव उनके सरकारी आवास कलोनिया से बरामद हुआ है। गोली कैसे चली इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल वन विभाग और पुलिस की टीम वनकर्मी की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

घटना टनकपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक वनकर्मी नैनीताल जिले के चोरगलिया का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक हल्द्वानी वन प्रभाग के सेनापानी वन क्षेत्र के कलोनिया चौकी में तैनात वन बीट अधिकारी 35 वर्षीय हरीश चंद्र जोशी का शव 27 फरवरी की सुबह कलोनिया स्थित उनके सरकारी आवास में मिला।

हरीश चंद्र जोशी की अप्रैल में शादी होनी थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार गोली लगने से उनकी मौत हुई है। हालांकि गोली उन्होंने खुद चलाई है या किसी और ने इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर के उप जिला चिकित्सालय भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद से हरीश चंद्र जोशी के घर में कोहराम मचा हुआ है। वही वन विभाग के अधिकारी भी अपने स्तर पर मामले की छानबीन कर रहे है। वहीं मृतक के परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग कर रहे हैं।