October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • कॉर्बेट नेशनल पार्क
  • केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से अनिल बलूनी ने की मुलाकात, गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर जल्द आयोजित होगी उच्च स्तरीय बैठक

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से अनिल बलूनी ने की मुलाकात, गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर जल्द आयोजित होगी उच्च स्तरीय बैठक

By on June 17, 2025 0 197 Views

श्रीनगर/दिल्ली : गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने नितिन गडकरी से विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. अनिल बलूनी ने विशेषतौर पर बदरीनाथ हाईवे को लेकर केंद्रीय मंत्री से बात की.

बता दें गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र में लंबे समय से ‘बॉटल नेक’ (संकीर्ण सड़क) की गंभीर समस्या बनी हुई है. विशेषकर चारधाम यात्रा के दौरान जब भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इस मार्ग से गुजरते हैं, तो यह क्षेत्र यातायात के अत्यधिक दबाव में आ जाता है. जिससे कई बार भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इसका खामियाजा न केवल तीर्थयात्रियों को भुगतना पड़ता है, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी रोजमर्रा की आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

इन सभी समस्याओं को लेकर आज गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सड़क परिवहन मंत्री नीतिन गड़कडी के साथ मुलाक़ात की. जिसमें उन्होंने इन समस्याओं से अवगत कराया. इन तमाम ज्वलंत समस्याओं को लेकर गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने नितिन गडकरी से विस्तृत चर्चा की. इस दौरान सांसद ने गढ़वाल की भौगोलिक परिस्थितियों, तीर्थाटन की संवेदनशीलता और स्थानीय जनता की समस्याओं को विस्तार से रखते हुए अविलंब कार्यवाही की मांग की. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए यह आश्वासन दिया कि अगले एक पखवाड़े में वे स्वयं सांसद की उपस्थिति में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की सड़क समस्याओं—विशेषकर बॉटल नेक, स्लाइड ज़ोन और जर्जर सड़कों—को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित करेंगे.

इस बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ठोस निर्णय लिए जाएंगे. यह बैठक गढ़वाल क्षेत्र की सड़क अवस्थापना को लेकर एक मील का पत्थर साबित होगी. सांसद ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से न केवल चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकेगा, बल्कि गढ़वाल के लाखों लोगों को भी बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी.