Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • ढेला रेस्क्यू सेंटर में नर बाघ की मौत, NTCA गाइडलाइन के तहत हुआ अंतिम निस्तारण

ढेला रेस्क्यू सेंटर में नर बाघ की मौत, NTCA गाइडलाइन के तहत हुआ अंतिम निस्तारण

By on August 26, 2026 0 10 Views

रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फांटो रेंज से गंभीर घायल अवस्था में रेस्क्यू कर ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर लाए गए एक वयस्क नर बाघ की उपचार के दौरान मौत हो गई। बाघ पिछले करीब दो महीने से चिकित्सकीय निगरानी और उपचार में था।

जानकारी के अनुसार, 26 जून 2026 को फांटो रेंज से अत्यंत गंभीर और घायल अवस्था में एक वयस्क नर बाघ को रेस्क्यू किया गया था। बाघ की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तत्काल उपचार के लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज स्थित रेस्क्यू सेंटर लाया गया, जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका लगातार उपचार किया जा रहा था।

वन विभाग के अनुसार, बाघ की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उपचार और देखभाल के लिए हरसंभव प्रयास किए गए। लगातार चिकित्सकीय देखरेख के बावजूद 25 अगस्त 2026 को अपराह्न करीब 4:30 बजे उपचाराधीन नर बाघ ने दम तोड़ दिया।

बाघ की मौत के बाद बुधवार, 26 अगस्त को ढेला रेस्क्यू सेंटर में गठित पशु चिकित्साधिकारियों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। यह कार्रवाई राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार विभागीय अधिकारियों, विशेषज्ञ संस्थाओं और एनजीओ प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक जैविक नमूने जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), देहरादून भेजे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद NTCA की गाइडलाइन के अनुसार बाघ के शव का विधिवत दहन कर अंतिम निस्तारण कर दिया गया।

इस दौरान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उप निदेशक राहुल मिश्रा, उप प्रभागीय वनाधिकारी बिंदरपाल, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु पांगती, ढेला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवीन चंद्र पांडे समेत WWF, NTCA और द कॉर्बेट फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।