Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रामनगर में सेवा पखवाड़ा शिविर: 27 विभाग एक मंच पर, 53 शिकायतों में 32 का मौके पर निस्तारण

रामनगर में सेवा पखवाड़ा शिविर: 27 विभाग एक मंच पर, 53 शिकायतों में 32 का मौके पर निस्तारण

By on July 7, 2026 0 4 Views

रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा के तीसरे दिन सोमवार को विकासखंड सभागार, रामनगर में स्वास्थ्य एवं बहु-विभागीय जनसहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 27 विभागों ने एक ही परिसर में स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट एवं ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं दर्ज कराने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ उठाया।

इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक भी सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने अधिकारियों को अधिकतम शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने एक सराहनीय पहल करते हुए वर्ष 2016 और 2018 से न्यायालय में लंबित तीन मामलों की सुनवाई शिविर स्थल पर ही कर उनका मौके पर निस्तारण किया।

शिविर में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का तत्काल समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद, सड़क मरम्मत, जल निकासी, विरासत, पेयजल, सिंचाई तथा अवैध अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों ने सुनवाई की। झूठे शपथ पत्रों के आधार पर सरकारी अनुमति प्राप्त करने जैसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि सहित 27 विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी, आवेदन स्वीकार किए और विभागीय समस्याओं का समाधान किया।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत पार्वतीय महिला ग्राम विकास समिति, रामनगर के सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। जिला सूचना विभाग ने भी विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।