लशादी की शॉपिंग के दौरान कार में छूटा महिला का कीमती सामान से भरा बैग, चोरगलिया पुलिस ने सकुशल बरामद कर लौटाई खुशी
नैनीताल पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी टीम की मदद से एक महिला को उसका खोया हुआ बैग वापस मिल गया। दरअसल, आगामी विवाह की खरीदारी के लिए हल्द्वानी आई चोरगलिया निवासी ममता शर्मा का कीमती सामान से भरा बैग वापसी के दौरान एक अज्ञात कार में छूट गया था। काफी तलाश करने के बाद जब बैग का पता नहीं चला तो महिला ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से संपर्क किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम ने फुटेज खंगाले और वाहन की पहचान कर उसके स्वामी से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने टनकपुर निवासी वाहन स्वामी से संपर्क कर बैग सकुशल बरामद कर लिया।
15 नवंबर को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बैग महिला को सौंप दिया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर ममता शर्मा के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
वहीं, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन की सहायता और सुरक्षा के लिए पुलिस की तत्परता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

