October 25, 2026
Breaking News

गुलदार की दहशत से घरों से नहीं निकाल रहे लोग

By on April 23, 2022 0 370 Views

उत्तरकाशी: मुखेम रेंज के बोंगा और भेलूडा गांव में गुलदार की दस्तक  से स्थानीय लोग खौफजदा हैं. ग्रामीणों को गेहूं के खेतों में दो गुलदार दिखाई दिए, जिसके बाद लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है. वहीं ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है. वहीं वन विभाग की टीम  ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है.

बता दें कि मुखेम रेंज के अंतर्गत बोंगा और भेलूडा गांव में बीते कई दिनों से गुलदार का आतंक बना हुआ है. ग्रामीणों की मानें तो पहले एक गुलदार दिखा, लेकिन अब दो और तीन गुलदार गांव के आसपास और खेतों में लगातार दिख रहे हैं. गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीण खुद को घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं. आजकल गांव में गेहूं की फसल की कटाई का कार्य चल रहा है. गुलदार कई बार खेतों में दिख चुका है. ऐसे में ग्रामीणों के अंदर भय का माहौल है.

इतना ही नहीं ग्रामीण खेतों में गेहूं की कटाई का कार्य भी नहीं कर पा रहे हैं. वहीं वन विभाग के कर्मी गांव के आसपास लगातार गश्त कर रहे हैं और लोगों को सचेत रहने को कह रहे हैं. रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि वन विभाग लगातार गुलदार की मॉनिटरिंग कर रही है. गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है. उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग करने की अपील की है.