रामनगर में शुरू हुआ मिनी सरस मेला, महिला समूहों के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
रामनगर। शुक्रवार से रामनगर के पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मिनी सरस मेले का आयोजन शुरू हो गया है। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से नैनीताल जिले में आयोजित किए जा रहे इन मेलों का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।
25 अगस्त तक चलने वाले इस मेले में जहां उत्तराखंड की पहाड़ी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, वहीं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी कर सकेंगी। मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित किए जा रहे इन मेलों के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

